पीएम को अपशब्द कहे जाने के विरोध में बीजेपी का मार्च, कांग्रेस दफ्तर पर घुसकर तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
पटना/लखनऊ: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया। कांग्रेस कार्यालय (सदाकत आश्रम) के बाहर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और पथराव शुरू हो गया। जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे जाने के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता सदाकत आश्रम की ओर मार्च कर रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर में घुसने की कोशिश की।
भाजपा का आरोप
देखें वीडियो
बीजेपी नेताओं का कहना है कि पीएम मोदी को गाली देना केवल उनका नहीं बल्कि पूरे देश का अपमान है। प्रदर्शन के दौरान एनडीए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, और राहुल गांधी का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे थे।
कांग्रेस ने किया पलटवार
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बिना वजह हमला किया और सदाकत आश्रम में तोड़फोड़ की। उनका कहना है कि गाड़ियों के शीशे तोड़े गए और पार्टी कार्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुँचाया गया। कांग्रेस ने एनडीए कार्यकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का हस्तक्षेप
बढ़ते बवाल को शांत कराने के लिए पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। झड़प में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर हटाया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अशोक राजपथ जाम कर विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
