वाराणसी : वाराणसी से बड़ी आपराधिक वारदात की खबर सामने आई है। गुरुवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। हमलावरों ने महज कुछ मिनटों में चार राउंड फायरिंग की, जिसमें तीन युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य बाल-बाल बच गए।
यह सनसनीखेज घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के दयालपुर (रसूलपुर) इलाके की है। गुरुवार शाम करीब सात बजे पांच युवक दयालपुर बगीचे के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बाइक से आए दो अज्ञात बदमाश वहां रुके और अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद के कुछ ही पलों बाद दोनों बदमाशों ने पिस्टल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने चार राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें इंदरपुर निवासी रामू यादव, रसूलपुर निवासी बनारसी सिंह का 14 वर्षीय बेटा समीर सिंह और अभिषेक यादव गोली लगने से लहूलुहान होकर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने बदमाशों को घेरने की कोशिश की, लेकिन आरोपी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को इलाज के लिए शिवपुर स्थित ऑक्टोविया हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 14 वर्षीय समीर सिंह की मौत हो गई। समीर के सीने में गोली लगी थी। वह कक्षा 10 का छात्र था। वहीं रामू यादव की कमर में गोली लगी है, जो पेशे से ड्राइवर बताया जा रहा है। तीसरे घायल अभिषेक यादव की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया गया। डीसीपी गोमती आकाश पटेल के निर्देश पर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार समेत भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने दो टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध मोबाइल लोकेशन ट्रेस की जा रही है। डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल वाराणसी की इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं मृतक छात्र के परिवार में मातम का माहौल है।
