मार्च 2020 से बंद ट्रेन फिर चलेगी, 418 किमी, 55 स्टॉपेज
बरेली : कोरोना काल में मार्च 2020 से बंद पड़ी बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का एक बार फिर नियमित संचालन शुरू किया जाएगा। रेलवे ने इस अनारक्षित पैसेंजर गाड़ी की समय सारिणी जारी कर दी है, हालांकि संचालन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। लंबे समय से यात्रियों द्वारा इस ट्रेन की मांग की जा रही थी। 418 किलोमीटर लंबी यह ट्रेन 15 घंटे 30 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, और रास्ते में 55 स्टेशनों पर ठहराव लेगी। जारी समय सारिणी के अनुसार गाड़ी के नंबर में बदलाव किया गया है।
बरेली से शाम 6 बजे होगी रवाना
54356 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर शाम 6:01 बजे बरेली से रवाना होकर चंदौसी, अलीगढ़, एत्मादपुर होते हुए अगले दिन सुबह 5:45 बजे बांदीकुई पहुंचेगी। वापसी में 54355 बांदीकुई-बरेली पैसेंजर दोपहर 2:50 बजे बांदीकुई से चलकर अगले दिन सुबह 6:20 बजे बरेली आएगी। यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी।
बांदीकुई स्टेशन पर तीन जोड़ी ट्रेनों का ठहराव
रेलवे ने अजमेर-किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस (15715/16) समेत तीन जोड़ी ट्रेनों को बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव दिया है। साथ ही 04398/97 बरेली-बांदीकुई विशेष गाड़ी का संचालन सात-सात फेरों के लिए शुरू किया गया है। अगले आदेश तक जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (12307/08) और बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस (22307/08) को भी बांदीकुई में ठहराव मिलेगा।
बरेली-भुज एक्सप्रेस का लखनऊ तक विस्तार, जल्द होगा संचालन
रेलवे ने बरेली-भुज एक्सप्रेस को पीलीभीत, लखीमपुर और सीतापुर होते हुए लखनऊ तक विस्तार दे दिया है। अब यह ट्रेन लखनऊ-भुज के बीच संचालित होगी। 1846 किमी की दूरी यह गाड़ी 50 घंटे 36 मिनट में तय करेगी। रेलवे ने लखनऊ-बरेली के बीच की समय सारिणी जारी कर दी है और नियमित संचालन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
