उत्तराखंड : पहाड़ी मार्गों पर पिछले 24 घंटों के भीतर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इन दुर्घटनाओं में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 10 लोगों की जान चली गई। वहीं, सोमवार देर शाम रुद्रप्रयाग में बोलेरो के 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनास्थलों पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
गूलर के पास पुल से 100 मीटर नीचे गिरी यात्री बस, 10 की मौत
मंगलवार सुबह ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के समीप बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई और गदेरे में जा गिरी। बस सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। दुर्घटना के समय उसमें 30 से 35 यात्री सवार थे। इस हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें से सात यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन घायलों की एम्स ऋषिकेश ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
20 घायलों को सुरक्षित निकाला
एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, अब तक 20 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्स ऋषिकेश और स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ब्यासी, ढालवाला और अतिरिक्त एसडीआरएफ की टीमें खाई में फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।
हादसे में घायल बताए गए लोगों की सूची इस प्रकार है:
-
मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड।
-
राहुल कुमार (24), निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार।
-
अभिषेक (28), निवासी मोहल्ला नत्था सिंह, जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
-
प्रत्यूष (23), निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
-
अर्जुन सौरन (34), निवासी सीलीबुना, जिला दुमका, झारखंड।
-
बुधन मुर्मू (50), निवासी ढोडिया, जिला दुमका, झारखंड।
-
आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
-
नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
-
राजकुमार (32), निवासी उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड।
-
जतिन (21), निवासी डीडीए क्वार्टर, शाहदरा, दिल्ली।
-
पंकज नेगी (31), निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग।
-
संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, थाना घोषी, बिहार।
-
वीरेंद्र सिंह (58), निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली।
रुद्रप्रयाग में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार की मौत
इससे पहले सोमवार देर शाम रुद्रप्रयाग जिले के बांसवाड़ा-कंडारा मोटर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ। विवाह समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे 10 लोगों से भरी बोलेरो गाड़ी चालक के नियंत्रण खोने के बाद सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अंधेरे में चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया। स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर घना अंधेरा और सीधी खड़ी चट्टान होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद बचाव दल के जवानों ने देर रात तक कड़ी मशक्कत की। स्ट्रेचर की मदद से सभी छह घायलों को गहरी खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
