बरेली : सात माह की गर्भवती महिला की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। आरोप है कि महिला की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव अस्पताल में छोड़कर चले गए। इससे नाराज मायके वालों ने अस्पताल के गेट पर हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो साल पहले किया था प्रेम विवाह
भमोरा थाना क्षेत्र के बलिया निवासी शेखर कश्यप के मुताबिक, उनकी बहन प्रिया ने दो साल पहले फरीदपुर थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव निवासी राजेश से प्रेम विवाह किया था। सोमवार को प्रिया की तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों को उसके सात माह की गर्भवती होने की जानकारी दी गई।
इलाज के दौरान हुई महिला की मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान प्रिया की मौत हो गई। शेखर का आरोप है कि राजेश दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन को प्रताड़ित करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव अस्पताल में छोड़कर चले गए।
मायके वालों ने किया हंगामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रिया की मौत की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर कोतवाली राजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
