नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाना कोई इत्तेफाक नहीं था, बल्कि इसके पीछे उन्हें नुकसान पहुंचाने का इरादा था। सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी के साथ बातचीत के दौरान पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर उन्हें पहले से ही चिंता थी और कुछ घटनाओं ने उनकी आशंकाओं को और गहरा कर दिया था।
बिहार दौरे और खुली जीप पर पथराव का किया जिक्र
सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के उन दौरों को याद किया, जब वह विपक्ष के नेता के रूप में खुली जीप में यात्रा करते थे। इस दौरान उन्हें कई जगह विरोध प्रदर्शनों और पत्थरबाजी का सामना करना पड़ा था। उन्होंने एक बिहार दौरे को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी चिंताएं लगातार बढ़ रही थीं। सोनिया के मुताबिक, सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले लोगों ने पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने इसी संदर्भ में आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी।
राहुल गांधी ने भी पिता की सुरक्षा को लेकर कही बात
बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने उस घटना का जिक्र किया, जब राहुल गांधी अपने पिता के साथ एक दौरे पर गए थे और वहां पत्थरबाजी देखी थी। सोनिया के मुताबिक, घर लौटने के बाद राहुल ने पिता की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी। उन्होंने बताया कि राहुल ने उनसे कहा था, “मम्मा, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा।” राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाते हुए लिखा कि उनके पिता की सुरक्षा हटाने के पीछे एक मकसद था। उन्होंने कहा कि 500 से ज्यादा पन्नों की किताब होने के बावजूद उनकी मां ने कुछ बातें छोड़ दी हैं।
किताब में राहुल और प्रियंका ने भी जोड़ीं अपनी यादें
सोनिया गांधी ने बताया कि यह किताब उनकी अपनी यादों पर आधारित है, लेकिन राहुल और प्रियंका ने भी इसमें अपने अनुभव और यादें जोड़ी हैं। उनके मुताबिक, बच्चों की यादें शामिल होने से इन कहानियों में एक नई जान आ गई है। उन्होंने राहुल और प्रियंका को अपनी खुशी और ताकत का सबसे बड़ा स्रोत बताया। मजाकिया अंदाज में कहा कि यही दोनों उनके धैर्य की सबसे ज्यादा परीक्षा भी लेते हैं।
1968 में भारत आने के शुरुआती दिनों को किया याद
बातचीत में सोनिया गांधी ने 1968 में इटली से भारत आने के शुरुआती दिनों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय देश में व्याप्त गरीबी ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित और हैरान किया था। उन्होंने अपनी किताब को प्यार, पारिवारिक यादों और जीवन के कठिन अनुभवों का सफर बताया। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि मां के साथ पुरानी यादों को दोबारा साझा करते हुए परिवार ने खुशी, हंसी और दर्दनाक अनुभवों को फिर से महसूस किया।
