लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में चुनाव आयोग और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दबाव में चुनाव आयोग तीन करोड़ वोट बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अखिलेश ने दावा किया कि जिन लोगों के वोट जोड़े जा रहे हैं, उनसे बैंक अकाउंट नंबर भी लिए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इन खातों की जानकारी किसे दी जाएगी। इससे पहले मंगलवार को अखिलेश यादव सदर स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेककर गुरु नानक देव का आशीर्वाद लिया और आधे घंटे से अधिक समय तक सत्संग में शामिल होकर कीर्तन सुना।
गुरुद्वारे में मत्था टेककर लिया आशीर्वाद
गुरुद्वारे पहुंचने पर अखिलेश यादव ने सिर पर पीले रंग का रुमाल बांधा और मत्था टेका। गुरुद्वारा कमेटी की ओर से उन्हें तलवार और प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि सिख समाज ने देश के लिए अनेक बलिदान दिए हैं, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। सिख समुदाय ने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। गुरु नानक देव ने शांति, एकता और भाईचारे का संदेश दिया था।
चुनाव आयोग और भाजपा पर लगाए आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता समय पर चुनाव चाहती है और संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव कराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग पर दबाव बना रही है। उनके मुताबिक, तीन करोड़ नए वोटर जोड़ने की तैयारी की जा रही है और इसके लिए लोगों से बैंक अकाउंट नंबर भी लिए जा रहे हैं। उन्होंने ईवीएम की तैयारियों को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर किसी तरह का संदेह न रहे।
गठबंधन और सीट बंटवारे पर कही यह बात
विपक्षी दलों के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता आपस में बातचीत कर रहे हैं। अलग-अलग सीटों पर चर्चा हो रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कौन सा दल कहां से चुनाव जीत सकता है। उन्होंने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य जीत हासिल करना होता है। सभी दलों को मिलकर ऐसा तालमेल बनाना चाहिए, जिससे भाजपा को चुनाव में हराया जा सके। हालांकि, सीट बंटवारे पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
सरकार पर महंगाई, रोजगार और निवेश को लेकर हमला
अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और निवेश के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और प्रदेश में निवेश लाने में नाकाम रही है। उन्होंने पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव की तारीख घोषित होने पर भाजपा को जनता के सवालों का जवाब देना पड़ेगा। अतरौलिया विधानसभा सीट का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि वहां समाजवादी पार्टी के संग्राम ऐतिहासिक मतों से जीत दर्ज करेंगे।
