नई दिल्ली : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है। गुरुपर्व के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की। इसके साथ ही शिरोमणि अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापसी हो गई है। अमित शाह ने इसे एनडीए के सबसे पुराने सहयोगी की वापसी बताते हुए खुशी जाहिर की।
तीन महीने की बातचीत के बाद गठबंधन पर बनी सहमति
नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक के बाद अमित शाह ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बीच करीब तीन महीने तक बातचीत चली। दोनों दलों ने आपसी चर्चा के बाद चुनावी रोडमैप तैयार किया और साथ मिलकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। शाह ने कहा कि आज से शिरोमणि अकाली दल आधिकारिक तौर पर एनडीए के सहयोगी दल के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारा और राष्ट्रवाद गठबंधन के प्रमुख एजेंडे होंगे।
31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य
अमित शाह ने पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि एनडीए ने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। गठबंधन की ओर से तैयार किए जा रहे घोषणापत्र में सभी वादों और प्राथमिकताओं का उल्लेख किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के विकास, सामाजिक सौहार्द और नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर दोनों दल मिलकर आगे बढ़ेंगे।
सीटों के बंटवारे पर आगे होगी बातचीत
गठबंधन की घोषणा के साथ ही पंजाब की राजनीति में भाजपा और अकाली दल के पुराने रिश्ते फिर से बहाल हो गए हैं। दोनों दलों के बीच वर्ष 2020 में कृषि कानूनों को लेकर मतभेद के बाद गठबंधन टूट गया था। अब करीब छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर साथ आई हैं। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने संकेत दिया है कि इस संबंध में बातचीत आगे की जाएगी।
