जम्मू-कश्मीर में CRPF पोस्ट पर फायरिंग करने वाले आतंकियों का मंगलवार को CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार CRPF कैंप की रेकी करते दिखाई दे रहे हैं। 56 सेकेंड के वीडियो में दोनों आतंकी एक टैक्सी से उतरकर कैंप की ओर जाते नजर आ रहे हैं। पहले लतीफ और उसके बाद उमर टैक्सी से उतरता है। दोनों की कैंप की ओर जाते हुए एक तस्वीर भी सामने आई है। इन दोनों ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने सोमवार को लारू में हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार को मार गिराया। वहीं, लतीफ भट की तलाश जारी है। हालांकि, एक दिन पहले सेना की ओर से लतीफ के मारे जाने की बात कही गई थी।
चार जगहों की रेकी के बाद CRPF पोस्ट पर किया हमला
जांच के मुताबिक, 10 नवंबर को उमर ने लश्कर-ए-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर मीर बाजार, अखरन, हबलीश और कुलगाम में कई जगहों की रेकी की थी। 11 नवंबर को दोनों ने अखरन में CRPF के नाके पर फायरिंग की और इसके बाद मौके से फरार हो गए। 10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को दोनों कई स्थानों पर लगे कैमरों में दिखाई दिए। फुटेज में उनकी आवाजाही, रेकी और हमले के बाद भागने की गतिविधियां कैद हुई हैं। जांच में सामने आया कि उमर के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, उमर पिछले पांच से छह महीने से लश्कर कमांडर लतीफ भट को पनाह और दूसरी मदद दे रहा था। जांच में यह भी पता चला कि अखरन की घटना के तुरंत बाद उमर निसार डार TRF में शामिल हो गया था।
मुठभेड़ में उमर ढेर, लतीफ की तलाश जारी
हमले के बाद फरार हुए उमर और लतीफ को सोमवार को लारू इलाके में सुरक्षा बलों ने घेर लिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया। वहीं, लतीफ भट की तलाश के लिए अभियान जारी है।लतीफ के मारे जाने को लेकर सामने आए विरोधाभासी दावों के बीच सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। CCTV फुटेज को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे दोनों की गतिविधियों और हमले से पहले की रेकी के बारे में जानकारी मिली है।
15 से ज्यादा गांवों में सर्च ऑपरेशन, 600 से अधिक लोगों से पूछताछ
11 नवंबर को CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर हुए हमले के बाद कुलगाम के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार सातवें दिन भी जारी है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमें 15 से अधिक गांवों में तलाशी अभियान चला रही हैं। संदिग्ध इलाकों की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हमलावरों और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए घरों, आसपास बने कमरों, बगीचों और घनी झाड़ियों की तलाशी ली जा रही है। इस अभियान में ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद ली जा रही है। आने-जाने वाले रास्तों पर कई चेकपोस्ट बनाए गए हैं और नागरिकों की आवाजाही पर पाबंदियां जारी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 600 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच के तहत कई अन्य लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। घेराबंदी वाले गांवों के निवासियों से पूछताछ कर सुरक्षा बल हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटे हैं।
