लखनऊ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई थी। हाईकोर्ट ने आजम खान की सजा पर रोक लगाई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत दी है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार की अपील खारिज कर दी। इसके साथ ही आजम खान की पत्नी और बेटे की उन अपीलों को भी स्वीकार कर लिया, जिनमें उन्हें समान राहत देने से इनकार किए जाने के फैसले को चुनौती दी गई थी।
हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी यूपी सरकार
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में रामपुर की एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को सात-सात साल कैद की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ तीनों ने आपराधिक पुनरीक्षण याचिका दायर कर इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया था और जमानत की मांग की थी। हाईकोर्ट ने आजम खान की सजा पर रोक लगा दी थी। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। मंगलवार को शीर्ष अदालत ने सरकार की अपील खारिज कर दी और आजम खान के परिवार को भी राहत प्रदान की।
अब्दुल्ला आजम के जन्म प्रमाणपत्र को लेकर शुरू हुआ था विवाद
यह मामला विधानसभा चुनाव 2017 से जुड़ा है। उस समय अब्दुल्ला आजम स्वार विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी नवाब काजिम अली खां उर्फ नावेद मियां और बाद में भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने 3 जनवरी 2019 को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर चुनाव लड़ने की शिकायत की थी। इसके बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अब्दुल्ला आजम का चुनाव रद्द कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट से भी उन्हें इस मामले में राहत नहीं मिली थी। विवाद की वजह अब्दुल्ला आजम के अलग-अलग दस्तावेजों में दर्ज जन्मतिथि थी। उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र में जन्मतिथि एक जनवरी 1993 दर्ज थी, जबकि नगर निगम लखनऊ से जारी जन्म प्रमाणपत्र में 30 सितंबर 1990 लिखी थी। आरोप था कि फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार करवाने में आजम खान और उनकी पत्नी भी शामिल थे। इसी आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में हुई थी सजा
रामपुर की सेशन कोर्ट ने तीनों को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 467, 468, 471, 472 और 120बी के तहत दोषी ठहराया था। इन धाराओं में धोखाधड़ी, महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जालसाजी, जाली दस्तावेज का इस्तेमाल और आपराधिक साजिश जैसे आरोप शामिल थे। अदालत ने तीनों को सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की अपील खारिज करने के साथ आजम खान की पत्नी और बेटे को भी राहत दे दी है।
