बरेली। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी के बाद बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र स्थित उनका फार्म हाउस भी चर्चा में आ गया है। लालपुर गांव में बिना स्वीकृत नक्शे के बने इस आलीशान भवन पर अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। भवन की कंपाउंडिंग के लिए वर्ष 2024 में आवेदन किया गया था, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं हो सकीं। पांच विभागों की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं मिलने और निर्धारित शुल्क जमा नहीं होने के कारण कंपाउंडिंग का आवेदन निरस्त किया जाएगा। इसके बाद भवन स्वामी को नोटिस जारी कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बिना नक्शा पास कराए कराया गया निर्माण
जानकारी के मुताबिक, लालपुर गांव में फार्म हाउस का निर्माण बिना नक्शा स्वीकृत कराए कराया गया था। मामला सामने आने के बाद वर्ष 2024 में पप्पू गिरधारी के करीबी सत्येंद्र राठौर की ओर से बीडीए में कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया गया था। हालांकि, निर्धारित शुल्क जमा नहीं किया गया। परिसर की जमीन अलग-अलग गाटा संख्या में कई लोगों के नाम पर खरीदी गई है। इनमें उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के नाम पर 3300 वर्गमीटर भूमि का बैनामा दर्ज है।
पांच विभागों की एनओसी नहीं हुई जमा
फार्म हाउस की कंपाउंडिंग के लिए राजस्व, वन एवं पर्यावरण, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जिला पंचायत और सीलिंग विभाग की एनओसी जरूरी थी। लेकिन आवेदन के साथ किसी भी विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लगाया गया। इस पर बीडीए ने सितंबर में आवेदक को नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद जरूरी दस्तावेज और निर्धारित शुल्क जमा नहीं किए गए।
आवेदन निरस्त होने के बाद ध्वस्तीकरण की तैयारी
परिसर की अन्य गाटा संख्या वाली जमीन कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के नाम पर दर्ज है। इस कंपनी में हिस्सेदारी का उल्लेख रेखा आर्य के चुनावी हलफनामों में भी किया गया है। अब बीडीए कंपाउंडिंग का आवेदन निरस्त करने के बाद भवन स्वामी को नोटिस जारी करेगा। इसके बाद फार्म हाउस के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
