मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, 15-18 साल से सेवाएं दे रहे संविदा कर्मियों के लिए वेतन वृद्धि, बीमा, EPF, HRA और अन्य सुविधाओं की मांग
बरेली : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर मनोज कुमार और अनुज मिश्रा के नेतृत्व में कर्मियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।ज्ञापन में प्रदेश में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत NHM संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत होने का दावा
ज्ञापन में कहा गया है कि NHM के संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों के मुताबिक ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ज्ञापन में कोविड-19 महामारी के दौरान भी संविदा कर्मचारियों के योगदान का उल्लेख किया गया है। वर्तमान में टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन तथा विभिन्न संचारी और गैर -संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों में कर्मचारियों के कार्य करने की बात कही गई है।
नियमितीकरण और वेतन बढ़ाने की मांग
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से सभी NHM संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग की है। साथ ही नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन लागू होने तक वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि किए जाने की मांग रखी गई है। ज्ञापन में जिन पदों पर कर्मचारी लंबे समय से कार्य कर रहे हैं। उन पदों को सृजित करने की मांग भी शामिल है।
10 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की मांग
NHM संविदा कर्मियों ने कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक की फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा महंगाई भत्ता, EPF में नियोक्ता अंशदान, HRA और ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं देने की मांग भी उठाई गई है। ज्ञापन में स्थानांतरण नीति बहाल करने तथा सेवाकाल में कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी रखी गई है।
आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन और भर्ती में कोटा की मांग
ज्ञापन में आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने की मांग की गई है। इसके साथ ही नियमित भर्तियों में NHM कर्मियों के लिए 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग भी शामिल है।
मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन के अनुसार 5 से 7 अक्टूबर तक काला फीता बांधकर विरोध, 8 से 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार और 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है।
