सपा प्रमुख का तंज-ग्रीन कॉरिडोर जनता के लिए बाधा, मुख्यमंत्री ने डिज़ाइन किया ‘रुकावट का रास्ता!भाजपा पर साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए पूरे प्रदेश में गांव-गांव मनाने और संविधान बचाने के लिए जन-जागरण अभियान चलाने की घोषणा की है। सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सेक्टर और गांव स्तर पर जाकर लोगों को संविधान की मूल भावना और महत्व समझाएंगे। उनका कहना है कि आज की सरकार संविधान से नहीं, बल्कि “मन विधान” से चलने वाले लोगों का शासन कर रही है, जो लोकतंत्र की मूल भावना को कमजोर कर रही है।
गांव-गांव जाकर लोगों को करेंगे जागरूक
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा, “हम लोकतंत्र की मजबूत रक्षा चाहते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार एकतंत्र लाना चाहती है। इसी के मद्देनजर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और संविधान पर होने वाले संकट की चर्चा करेंगे।”उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ. राम मनोहर लोहिया और स्व. मुलायम सिंह यादव के आदर्शों पर चलती है। पार्टी का लक्ष्य समाज में बराबरी, न्याय और समरसता स्थापित करना है।
सपा प्रमुख ने संतों और आम जनता पर हो रही हिंसा पर चिंता जताई और आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार संवेदनशील नहीं है, बल्कि केवल ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
ग्रीन कॉरिडोर जनता के लिए बाधा,सीएम ने किया डिज़ाइन

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ग्रीन कॉरिडोर को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर सुविधा नहीं बल्कि जनता के लिए बर्बादी का मार्ग बन गया है। सपा प्रमुख का कहना है कि मुख्यमंत्री ने इसे इस तरह डिज़ाइन किया कि आम लोगों को हर चौराहे पर रुकना पड़ रहा है।
भाजपा सौदागरों की तरह काम कर रही है…

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा सौदागर की तरह काम कर रही है और हर चीज को बेच रही है। भ्रष्टाचार और गलत नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है।”उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अंबेडकर जयंती को सामाजिक एकता और जन -जागरूकता का अभियान बनाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे 2024 में जनता ने एकजुट होकर मुकाबला किया, वैसे ही 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेगी।
प्राइमरी स्कूल जर्जर, सरकार नहीं सुन रही सवाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के क्षेत्र में असमानता अब भी खत्म नहीं हुई है और प्राइमरी स्कूल जर्जर हालत में हैं। यादव ने आरोप लगाया कि सरकार सवाल सुनना ही नहीं चाहती, इसलिए शिक्षा को सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।
14 अप्रैल को मनाई जाती है जयंती
बता दें कि हर साल 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का जन्मदिवस पूरे भारत और दुनियाभर में सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। सपा का लक्ष्य इस जयंती को केवल स्मरण दिवस न बनाकर, संविधान की सुरक्षा और समाज में न्याय की भावना को मजबूत करने वाला अभियान बनाना है।
गोमती रिवर फ्रंट पर भाजपा झूठा दावा कर रही, लखनऊवालों से भी महाझूठ बोला

उन्होंने कहा कि भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लखनऊ मेट्रो और गोमती रिवर फ्रंट जैसी सपा की शानदार योजनाओं का श्रेय अब भाजपा लेने की कोशिश कर रही है। यादव ने चेतावनी दी कि भाजपा लखनऊवालों से महाझूठ बोल सकती है, लेकिन विदेशियों के सामने क्या झूठ बोला जाएगा, यह सोचने वाली बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोमती रिवर फ्रंट जैसी परियोजनाएं सपा सरकार के समय शुरू हुई थीं और उनका पूरा श्रेय समाजवादी पार्टी को जाता है।
सरकार विपक्ष और आंदोलनकारियों की आवाज दबा रही, बेटियों के आंदोलन पर भी चुप
पूर्व सीएम ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ कोई भी आवाज उठाएगा। उसे दबाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि जब डायल 100 की बेटियों ने पहले आंदोलन किया था, तब सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। यादव ने चेतावनी दी कि इस बार भी बेटियां सड़कों पर हैं और सरकार की चुप्पी सवालों के घेरे में है।
यूपी सरकार ने स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था की कर दी हत्या!
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग ही वेंटीलेटर पर है, और कानून व्यवस्था की पूरी तरह से हत्या कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार न केवल प्रशासनिक ढांचों में फेल है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में गंभीर लापरवाही कर रही है।
