टपरी डिस्टिलरी कांड में सहारनपुर प्रशासन का एक्शन, गैंगस्टर एक्ट के बाद बरेली में छापेमारी, प्रणय अनेजा पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
बरेली/सहारनपुर : 35 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी से जुड़े चर्चित टपरी डिस्टिलरी कांड में प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए शराब कारोबारी मनोज जायसवाल की संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। सहारनपुर प्रशासन के आदेश पर बरेली में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जिससे शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर पुलिस ने इस मामले में मनोज जायसवाल, नीरज जायसवाल समेत कुल 27 लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। गैंगस्टर की कार्रवाई होते ही कई आरोपी भूमिगत हो गए थे, हालांकि बाद में कुछ ने गिरफ्तारी पर स्टे ले लिया।
बरेली में कुर्की की बड़ी कार्रवाई

सहारनपुर के डीएम के निर्देश पर एक अप्रैल को कुर्की की प्रक्रिया शुरू की गई। तहसील सदर के एसडीएम प्रमोद कुमार ने टीम गठित की। इसके बाद शुक्रवार को सहारनपुर की टीम बरेली पहुंची। शहर के बारादरी और इज्जतनगर थाना पुलिस के सहयोग से हरुनगला इलाके में स्थित मनोज जायसवाल के करीब 9 लाख रुपये कीमत के प्लॉट समेत अन्य संपत्तियों को कुर्क कर लिया गया। प्रशासनिक टीम की यह कार्रवाई अभी जारी बताई जा रही है।
गैंग लीडर प्रणय अनेजा पर भी नजर
इस पूरे मामले में गिरोह का सरगना बदायूं के पूर्व सपा विधायक स्वर्गीय जोगेंद्र सिंह अनेजा का पौत्र प्रणय अनेजा को बनाया गया है। बताया जा रहा है कि प्रणय अनेजा फिलहाल दिल्ली में रह रहा है, और उसके परिवार के पास बरेली, बदायूं से लेकर दिल्ली तक भारी संपत्ति है।सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन जल्द ही प्रणय अनेजा की संपत्तियों पर भी कार्रवाई कर सकता है। बताया जाता है कि यह परिवार पहले पौंटी चड्ढा ग्रुप के साथ शराब कारोबार से जुड़ा था और अब रियल एस्टेट समेत अन्य व्यवसायों में भी सक्रिय है।
जानें क्या है पूरा मामला?
सहारनपुर की टपरी डिस्टिलरी में करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की। इसके बाद अब अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि टैक्स चोरी और अवैध कारोबार में लिप्त माफियाओं पर प्रशासन अब पूरी सख्ती के साथ शिकंजा कस रहा है, और आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
