पूजा पाल के बयान पर अखिलेश का बड़ा हमला, जांच के लिए गृहमंत्री को लिखा पत्र
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक पूजा पाल को मोहरा बनाकर सपा और उनके खिलाफ दुष्प्रचार करवा रही है। अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में दिव्यांग सम्मेलन के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा “पूजा पाल को बताना चाहिए कि उन्हें जान का खतरा किससे है?। उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। भाजपा, पूजा पाल को सपा के खिलाफ इस्तेमाल कर रही है।”
जानें पूरा विवाद

हाल ही में पूजा पाल ने बयान दिया था कि उन्हें जान का खतरा है, और यदि उनके साथ कुछ हो गया तो इसके लिए सपा और अखिलेश यादव जिम्मेदार होंगे। इस पर सपा अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि ये बयान भाजपा की सोची -समझी रणनीति का हिस्सा है।
भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा नेताओं पर अमर्यादित आचरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा “भाजपा के लोग फ्रस्टेट हो गए हैं। इसी कारण गंदे हथकंडे अपना रहे हैं। बलिया में बिजली विभाग के कार्यालय में घुसकर एक दलित इंजीनियर को जूतों से पीटा गया। भाजपा को 2027 के चुनाव में अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने तंज कसा कि “कुछ समय बाद भाजपा नेताओं के हाथ में केवल जूते ही नजर आएंगे।
वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश
जब मीडिया ने पूछा कि क्या अखिलेश यादव बिहार में हो रही वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगे? इस पर उन्होंने कहा “यह INDIA गठबंधन की यात्रा है हम इसमें जरूर शामिल होंगे। जल्द ही कार्यक्रम जारी होगा।”
प्रदेश अध्यक्ष ने गृहमंत्री को लिखा पत्र
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक पूजा पाल के आरोपों पर गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। पत्र में मांग की गई है कि पूजा पाल को किससे जान का खतरा है। इसकी पूरी जांच करवाई जाए। सपा ने यह भी याद दिलाया कि पूजा पाल के कठिन समय में समाजवादी पार्टी ने उनका साथ दिया था इसलिए इस मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
