नेशनल हाइवे-24 पर भीषण सड़क हादसा, शाहजहांपुर से बरेली जा रही कार डिवाइडर पार कर DCM से टकराई
बरेली : नेशनल हाइवे-24 पर रविवार दोपहर तिलहर थाना क्षेत्र के बंथरा पुल के पास रफ्तार का कहर देखने को मिला। शाहजहांपुर से बरेली जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई, और सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में कार सवार 32 वर्षीय शोभित गुप्ता (निवासी कुंवरगंज, तिलहर) और 16 वर्षीय कार्तिकेय (निवासी बहादुरगंज, तिलहर) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 17 वर्षीय यश शर्मा (निवासी पुरायां, तिलहर) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आवारा पशु के अचानक आने से हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वापसी के दौरान कार के सामने अचानक एक पशु आ गया। घबराहट में ड्राइवर ने हैंडब्रेक खींच दिया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
