बरेली : आस्ताना-ए-आलिया सक्लैनिया शराफ़तिया, मोहल्ला शाहबाद, बरेली शरीफ़ में 58वां वार्षिक उर्स-ए-शराफ़ती बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। रविवार को दरगाह हज़रत शाह शराफ़त मियां पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया प्रभारी हमज़ा सकलैनी ने बताया कि 25 अगस्त को परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। इसके साथ उर्स का आधिकारिक ऐलान होगा। चार दिवसीय उर्स 01 सितंबर से 04 सितंबर तक पारंपरिक अंदाज़ में आयोजित होगा।
कुरआनख्वानी और ऑल इंडिया मुशायरा
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/H8hJ057S3Gw?si=zYz_w6FKkJF_c_74
उर्स के पहले दिन फर्ज नमाज के बाद कुरआनख्वानी और ऑल इंडिया मुशायरा होगा। 02–03 सितंबर को उलमा-ए-किराम के तकरीरी प्रोग्राम (दीवानखाना चौक), 04 सितंबर को सुबह 11 बजे कुल शरीफ़ होगा। हाजी लतीफ़ सकलैनी ने बताया कि 25 अगस्त को निकलने वाला जुलूस-ए-परचम कुशाई तयशुदा रास्तों से होता हुआ दरगाह पर संपन्न होगा। इसमें बरेली, रामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद और उत्तराखंड से भारी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे।
देश भर से आएंगे अकीदतमंद
सहायक मीडिया प्रभारी आफ़ताब सकलैनी के अनुसार, इस बार भी उर्स में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, बिहार, बंगाल, पंजाब, दिल्ली सहित दुबई, अमेरिका, अफ्रीका, सऊदी अरब, हांगकांग और कनाडा से जायरीन शिरकत करेंगे। मौलाना मुख़्तार सकलैनी ने बताया कि उर्स का सारा एहतिमाम खानकाह शरीफ़ के सज्जादानशीन हज़रत अल्हाज शाह गाज़ी मियां हुज़ूर की सरपरस्ती में होगा। जायरीन के लिए ठहरने और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था खानकाह शरीफ़ में की गई है।
शहर में जश्ने शाह शराफत
उर्स से पहले 26 से 31 अगस्त तक शहर के विभिन्न मोहल्लों में “जश्ने शाह शराफ़त मियां” के कार्यक्रम होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमज़ा सकलैनी, मौलाना मुख़्तार सकलैनी, हाजी लतीफ़ सकलैनी, गुलाम मुर्तज़ा सकलैनी, रुम्मान सकलैनी सहित बड़ी संख्या में जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।
