पूर्णिया/अररिया/लखनऊ : महात्मा गांधी के प्रपौत्र और ‘हम भारत के लोग’ के राष्ट्रीय संयोजक तुषार गांधी ने आज ‘बदलो बिहार, बनाओ नई सरकार’ वोटर अधिकार यात्रा के दूसरे चरण के सातवें दिन पूर्णिया से अररिया तक मार्च में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं, कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव सहित अन्य नेताओं से करीब दो घंटे लंबी बातचीत की। तुषार गांधी ने यात्रा के दोनों चरणों के अनुभव साझा कर विशेष रूप से कोशी क्षेत्र की समस्याओं और कोशी नवनिर्माण मंच के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नेताओं से आग्रह किया कि वे कोशी की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करें, और मंच के साथियों से मिलकर रोडमैप तैयार करें।
किसानों के लिए मांगा एमएसपी और मंडी व्यवस्था

तुषार गांधी ने कहा कि किसानों को एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की कानूनी गारंटी दी जानी चाहिए और बिहार में मंडी व्यवस्था को तत्काल बहाल किया जाए। इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया कि “कांग्रेस पहले ही एमएसपी की कानूनी गारंटी के लिए अपनी प्रतिबद्धता जता चुकी है। साथ ही मंडी व्यवस्था की बहाली का मुद्दा भी पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।”
वोट चोरी और सुप्रीम कोर्ट टिप्पणियों पर चर्चा

तुषार गांधी ने राजनीतिक दलों पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों का जिक्र कर कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी को रोकना बेहद जरूरी है। इस पर राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि “मतदाता पंजीयन का काम चुनाव आयोग का है, और हम इसे लेकर बदलाव की लड़ाई जारी रखेंगे।”तुषार गांधी ने बताया कि जहां भी यात्रा हुई, जनता के बीच से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे गूंजते सुनाई दिए। उन्होंने कहा कि “बिहार की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और किसी भी वोट चोरी के प्रयास को सफल नहीं होने देगी।”
फिलिस्तीन के लिए समर्थन की अपील
तुषार गांधी ने फिलिस्तीन में इजराइल द्वारा किए जा रहे अमेरिका समर्थित नरसंहार के मुद्दे पर चिंता जताते हुए इंडिया गठबंधन के नेताओं से और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि “पार्टी की ओर से फिलिस्तीनियों का समर्थन करने और कार्यकर्ताओं को इस मुद्दे पर जागरूक करने के लिए विशेष सेल बनाया जाना चाहिए।”
संविधान सत्याग्रह यात्रा का आमंत्रण
तुषार गांधी ने नेताओं को 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक वर्धा से नागपुर के बीच होने वाली संविधान सत्याग्रह यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि “‘बदलो बिहार, बनाओ नई सरकार’ अभियान के दोनों चरणों में 13 जिलों में जनता का जबरदस्त समर्थन मिला है। यह स्पष्ट है कि बिहार में बदलाव की लहर है और जनता वोट चोरी के खिलाफ पूरी तरह जागरूक है।”
