नववर्ष के दूसरे दिन सपा मुख्यालय में उमड़ा जनसैलाब, सपा प्रमुख की SIR पर कड़ी निगरानी रखने की अपील, भाजपा पर लगाया बेईमानी और भ्रष्टाचार का आरोप
लखनऊ : नववर्ष 2026 के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने और उन्हें नववर्ष की बधाई देने के लिए सैकड़ों की संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता, अधिकारी एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे। सभी ने अखिलेश यादव को पुष्पगुच्छ और बुके भेंट कर नए साल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भी सभी का अभिवादन स्वीकार कर नववर्ष की बधाई दी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब सभी को बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत करने में जुट जाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची को लेकर चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) पर पूरी नजर रखने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उसे हर हाल में जुड़वाया जाए। कार्यकर्ताओं को सतर्क और सावधान रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि चार करोड़ वोट कट गए हैं, उसी समय अधिकारियों को बेईमानी का संदेश दे दिया गया था।
किसान-नौजवान-महिलाओं के मुद्दे उठाए

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान में जो डेटा और आंकड़े सामने आ रहे हैं,उसमें चुनाव आयोग और अधिकारियों को अपनी विश्वसनीयता साबित करनी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग, मैपिंग ऐप और चुनाव प्रक्रिया में तकनीकी सहायता देने वाली कंपनियां निष्पक्षता के साथ काम करेंगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मतदाताओं की संख्या को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में अंतर पाया जाता है,तो फिर एसआईआर की प्रक्रिया का क्या औचित्य रह जाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं मुख्यमंत्री के इशारे पर बेईमानी की तैयारी तो नहीं की जा रही है।
भाजपा पर हमलावर अखिलेश यादव, बोले-जनता त्रस्त, 2027 में बदलेगी सरकार
भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा एक बेईमान पार्टी है, जो हर स्तर पर बेईमानी और भ्रष्टाचार करती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों से अपील की कि वे एसआईआर और मतदाता सूची पर पूरी निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है। किसान,नौजवान और महिलाएं त्रस्त हैं। किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल रहे, फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। नौजवानों के लिए न नौकरी है और न ही रोजगार है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से झूठे वादे किए और सभी वर्गों को धोखा दिया है।
सपा से ही जनता को उम्मीद

उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है, और पार्टी पर भरोसा कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा को सत्ता से हटाकर प्रदेश को उसके कुशासन से मुक्त करेगी। नववर्ष के अवसर पर सदर कैंट गुरुद्वारा साहिब की ओर से नरेन्द्र सिंह छाबड़ा, नवल जीत सिंह नागपाल, सुरेन्द्र सिंह छाबड़ा, आतम सिंह सोढ़ी एवं महेन्द्र सिंह छाबड़ा ने अखिलेश यादव को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं अभिषेक दीक्षित, एडवोकेट ने सण्डीला के प्रसिद्ध लड्डू भेंट किए। उनके साथ अतहर हुसैन एवं अनुराग मिश्र ने भी नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
माघ मेला प्रयागराज में सपा के शिविर का उद्घाटन, नेताजी की मूर्ति न लगाने पर प्रशासन पर उठे सवाल
प्रयागराज के माघ मेला परिसर में शुक्रवार को नेताजी मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित शिविर का उद्घाटन विधानसभा में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय ने किया। इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह भी मौजूद रहीं। वक्ताओं ने नेताजी मुलायम सिंह यादव की मूर्ति माघ मेले में लगाने की अनुमति न दिए जाने और संस्था अध्यक्ष संदीप यादव पर की गई प्रशासनिक कार्रवाई की निंदा की। अखिलेश यादव के निर्देश पर राधा-कृष्ण की पूजा के साथ शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कई विधायक और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
