लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर अधिकारियों के साथ ठंड को लेकर अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कड़ाके की ठंड को देखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए और चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ICSE, CBSE, UP बोर्ड और अन्य बोर्डों के साथ-साथ कक्षा 12 तक के सभी स्कूल 5 जनवरी तक बंद रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, सभी जिलों में कंबल और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए और सभी जरूरतमंदों को समय पर राहत मिले।
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि ठंड के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों को प्रत्येक जिले की हालात पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत कार्य शुरू करने का निर्देश भी दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ाके की ठंड के बीच नागरिकों की सुरक्षा और राहत को प्राथमिकता देने का आदेश दिया।
