आगरा : सस्ते में मनोरंजन और जल्दी कमाई के लालच में एक युवक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। सदर थाना क्षेत्र से साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अनजान सोर्स से डाउनलोड की गई गेमिंग एप के झांसे में आकर करीब 25 लाख रुपये गंवा दिए।
सदर थाना क्षेत्र के हस्तिनापुरी निवासी उमेश सिंह ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने ऑनलाइन गेम का एक विज्ञापन देखा था, जिसमें गेम खेलकर लाखों रुपये कमाने का दावा किया गया था। इसी लालच में आकर उन्होंने एक गेमिंग एप डाउनलोड की।
एप पर गेम खेलने के बाद जब जीत की रकम खाते में ट्रांसफर करने की बात आई, तो एप के जरिए उनसे बैंक खाते की जानकारी ली गई। इसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 25 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल की और इसके बाद सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एडीसीपी सिटी आदित्य कुमार ने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की गई एप, मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि कई बार लोग सस्ते मनोरंजन या जल्दी कमाई के लालच में प्ले स्टोर के अलावा किसी अनजान सोर्स से एपीके फाइल डाउनलोड कर लेते हैं, जिससे साइबर ठगों को मोबाइल और बैंकिंग डाटा तक पहुंच मिल जाती है।
पुलिस ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान एपीके फाइल को भूलकर भी डाउनलोड या क्लिक न करें। किसी भी तरह की साइबर ठगी या तकनीकी परेशानी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं।
