रायबरेली/लखनऊ : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे से पहले शहर में पोस्टर लगाए जाने से हंगामा मच गया है। इन पोस्टरों में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश अखिलेश यादव और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को “कलयुग का ब्रह्मा, विष्णु और महेश” बताया गया है। पोस्टर में तेजस्वी यादव को ब्रह्मा, राहुल गांधी को विष्णु और अखिलेश यादव को महेश का अवतार कहा गया है। पोस्टरों में लिखा गया है- इंडिया की अंतिम आस, कलयुग के ब्रह्मा, विष्णु, महेश।
पोस्टर लगाए जाने के पीछे के कयास
समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी में प्रदेश सचिव पद पर कार्यरत नेता राहुल निर्मल बागी के शहर में पोस्टर लगाने की चर्चा है। मगर, “The Justice HINDI ” पुष्टि नहीं करता। यह पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, और रायबरेली की राजनीति में हलचल मचा दी है।
सियासी गलियारों में निकाले जाने लगे राजनीतिक मायने
आज से राहुल गांधी का रायबरेली दौरा है। यह महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। वहीं बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, जहाँ इंडिया गठबंधन को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव साथ प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में इस पोस्टर ने राजनीतिक चर्चा और बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी और अन्य नेता इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
जानें लोगों की प्रतिक्रिया
रायबरेली में आम नागरिकों, नेताओं और मीडिया में इस पोस्टर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोग इसे समर्थन का प्रतीक बता रहे हैं तो कुछ इसे धर्म का अपमान मान रहे हैं। प्रशासन ने अभी तक इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है।
आज से राहुल गांधी का दौरा
राहुल गांधी बुधवार से रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और समाज से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। साथ ही राजनीतिक रणनीति को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ विचार-विमर्श भी किया जाएगा।
