बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने मंगलवार को बारादरी क्षेत्र में बड़ा एक्शन लिया। आला हजरत अस्पताल रोड पर रॉयल विला कॉलोनी के पास करीब 1500 वर्गमीटर जमीन पर बिना अनुमति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर सड़क, बाउंड्रीवाल और भूखंडों का नक्शा तैयार कर कॉलोनी बसाई जा रही थी, लेकिन प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था।
जानें किस पर हुई कार्रवाई
जांच में सामने आया कि अरशद खां समेत कुछ लोगों ने बिना अनुमति और नक्शा पास कराए इस कॉलोनी को विकसित करना शुरू किया था। बीडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रोकते हुए पूरी कॉलोनी को जमींदोज कर दिया।
किसकी मौजूदगी में कार्रवाई
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बीडीए के अवर अभियंता अजीत साहनी, सीताराम, सुरेंद्र द्विवेदी, सहायक अभियंता मनोज कुमार सिंह, गजेंद्र पाल शर्मा, संयुक्त सचिव दीपक कुमार और विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह की मौजूदगी में की गई। पूरी प्रवर्तन टीम मौके पर तैनात रही।
जनता को यह दी चेतावनी
बीडीए ने स्पष्ट कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कॉलोनी बसाना और मकान निर्माण करना अवैध है। ऐसे निर्माण को किसी भी समय ध्वस्त किया जा सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि किसी प्लॉट या मकान को खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उसका नक्शा बीडीए से स्वीकृत है या नहीं। अन्यथा ध्वस्तीकरण की स्थिति में खरीदार और निर्माणकर्ता दोनों जिम्मेदार होंगे।
