बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के धंतिया गांव निवासी एक होनहार छात्र की उदयपुर के एक शिक्षण संस्थान में मौत हो गई। मृतक स्टूडेंट के परिजनों ने रो रोकर बुरा हाल है।इसके साथ ही हत्या का आरोप लगाया है। मगर, संस्थान ने स्टूडेंट के आत्महत्या की बात कही,लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। 23 वर्षीय फरहत, जो आइआइएम उदयपुर में एमबीए (2025–27 बैच) का स्टूडेंट था। उसके रविवार रात अपने हॉस्टल में फंदा लगाकर आत्महत्या की बात सामने आई है।
एक दिन बाद मिला शव
देखें वीडियो
इस घटना की सूचना सोमवार को मृतक के परिजनों को मिली थी। वह उदयपुर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। सोमवार शाम शव परिजनों को सौंपा गया। मंगलवार को स्टूडेंट का शव फतेहगंज पश्चिमी के गांव धंतिया पहुंचा। इससे गांव में गमगीन माहौल हो गया। परिजनों ने सुपर्द-ए-खाक किया। जनाजे में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और दोस्तों समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पहले ही प्रयास में आइआइएम का सपना पूरा
फरहत ने 2024 में बरेली के खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी से बीसीए में 76 फीसद अंक हासिल किए थे। इसके बाद सीएटी परीक्षा में 98.42 फीसद लाकर पहले ही प्रयास में आइआइएम उदयपुर में दाखिला पाया। परिवार के लिए यह गर्व की बात थी कि इकलौते बेटे ने बड़े संस्थान में पढ़ाई का सपना पूरा किया।
परिवार की उम्मीदें और दुख
फरहत के पिता एलआईसी एजेंट हैं, जबकि उनकी मां का निधन बचपन में हो गया था। दो बहनों ने उन्हें पाल-पोसकर पढ़ाई कराई और जीवन में आगे बढ़ाया। दोस्तों और सहपाठियों के अनुसार, वह खुशमिजाज, मिलनसार और जिंदादिल छात्र थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार और दोस्तों का दिल टूट गया है।
संस्थान में भी शोक का माहौल
बताया जाता है कि फरहत की मौत की खबर से आइआइएम उदयपुर में शोक की लहर फैल गई। संस्थान ने उन्हें होनहार छात्र बताते हुए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। प्रबंधन ने गहरी संवेदना व्यक्त कर कहा कि यह संस्थान के लिए भी एक बड़ा नुकसान है।
