चीखों से गूंजा गांव, शक की वजह से किया कत्ल
अमेठी/लखनऊ : यूपी के अमेठी ज़िले में गुरुवार को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के रुदौली गांव में एक युवक ने खेत में काम कर रही अपनी भाभी और भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतका रामा (40 वर्ष) अपने बेटे आकाश (20 वर्ष) के साथ खेत में धान की देखभाल कर रही थी, तभी आरोपी रामराज उर्फ राजू पासी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ वहां पहुंचा, और कुल्हाड़ी से मां-बेटे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण
हत्याओं के बाद चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े लेकिन तब तक दोनों ज़मीन पर बेसुध गिर चुके थे। ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। तीन दिन पहले आरोपी रामराज के खेत में किसी ने कीटनाशक दवा डाल दी थी। जिससे उसकी धान की फसल पीली पड़ गई। उसे शक था कि उसके भाई का बेटा आकाश ही इसके पीछे है। इसी शक में उसने भाभी और भतीजे की हत्या कर दी।
जाने पुलिस कार्रवाई
घटना की जानकारी पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई जगराम ने आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मीडिया को बताया कि आरोपी और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।
