बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के लोधीनगर चौराहे पर संचालित प्रकाश शक्ति वर्धक औषधालय को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। यह कार्रवाई उस समय की गई, जब इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिकायतकर्ता छेदालाल, निवासी ग्राम रहपुरा जागीर, ने बताया कि उनकी पत्नी गीता को उल्टी-दस्त की शिकायत पर उक्त क्लीनिक में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद निजी एम्बुलेंस के जरिए उन्हें सीएचसी फतेहगंज पश्चिमी लाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच में मिलीं खामियां
सूचना मिलने पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संचित शर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुँची। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं। क्लीनिक का कोई पंजीकरण प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था। अधिकृत या पंजीकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था। ऐलोपैथिक दवाएँ, इंजेक्शन, सिरप, फ्लूइड और 10 बेड का भर्ती वार्ड भी पाया गया। डॉ. शर्मा ने मौके पर ही नोटिस चस्पा कर क्लीनिक को सील किया और रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी बरेली एवं उच्चाधिकारियों को भेज दी। उन्होंने कहा कि “बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग की सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
