बड़गांव थाना क्षेत्र के शिमलाना गांव में वारदात, परिजनों ने सौरभ, उसके पिता और चाचा पर हत्या का केस दर्ज कराया
सहारनपुर/ लखनऊ : यूपी के सहारनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव शिमलाना में शनिवार रात 32 वर्षीय मंटू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, मंटू और सौरभ के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इसके बाद गुस्से में आकर सौरभ ने मंटू के पेट में चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर हालत में परिजन उसे इलाज के लिए देवबंद के अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपी फरार, तीन पर केस दर्ज
मंटू के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर सौरभ, उसके पिता मुकेश और चाचा संजीव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, अवैध संबंध के एंगल पर भी जांच चल रही है। आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
