चित्रकूट में दिल दहला देने वाली वारदात, पति से विवाद के बाद महिला ने बच्चों को जहर खिलाया
चित्रकूट/ लखनऊ : मध्य प्रदेश के सतना से सटे चित्रकूट जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गुटखा खाने के लिए पैसे न मिलने पर एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों को जहर खिला दिया और खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। मृतका का नाम ज्योति (25 वर्ष) है, जो इटवां डुडैला गांव की रहने वाली थी। ज्योति ने पति बबलू यादव से गुटखा के लिए पैसे मांगे। इस बात पर पति-पत्नी में दोपहर में तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर ज्योति ने पांच साल के बेटे, चार साल की बेटी और एक साल की बच्ची को जहर खिला दिया। इसके बाद खुद भी जहर खा लिया।
मौत और मातम का माहौल
इस घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने चारों को मझगवां सीएचसी ले जाया गया। यहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान ज्योति और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। पांच साल का बेटा अभी भी गंभीर हालत में है। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानें क्या बोली पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच गुटखा खाने को लेकर विवाद सामने आया है। गांव में मातम छाया हुआ है।
