दहेज की मांग पूरी न करने पर निक्की पायला की बेरहमी से हत्या, पति विपिन भाटी पर हत्या, प्रताड़ना और अय्याशी के गंभीर आरोप
नोएडा : ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 27 वर्षीय निक्की पायला को उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बेरहमी से पीटा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह घटना 21 अगस्त की रात हुई। निक्की के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसने अपनी आंखों से देखा कि पिता विपिन भाटी ने मां को थप्पड़ मारे, और लाइटर से आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी निक्की को पहले नोएडा के फोर्टिस अस्पताल और फिर दिल्ली के सफदरजंग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बहनों की शादी एक ही परिवार में, दहेज की लगातार मांग
निक्की की शादी दिसंबर 2016 में विपिन भाटी से हुई थी। उसकी बड़ी बहन कंचन की शादी भी इसी परिवार में हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी में स्कॉर्पियो समेत पर्याप्त दहेज देने के बाद भी पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर 35-36 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। कंचन ने बताया कि उनके साथ भी मारपीट हुई और ससुराल वालों ने कहा, “हमें एक के लिए दहेज मिला है, दूसरे का क्या? तुम मर जाओ, हम दोबारा शादी करेंगे।”
सोशल मीडिया पर वायरल दो वीडियो से आक्रोश
सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में निक्की के पति और सास को उसे बाल पकड़कर घसीटते और पीटते देखा गया, तो वहीं दूसरे वीडियो में निक्की गंभीर जलन के साथ फर्श पर पड़ी थी। इसके अलावा एक पुराना वीडियो भी सामने आया है जिसमें विपिन भाटी कार में एक लड़की के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था।
पुलिस कार्रवाई और ग्रामीणों का गुस्सा
पुलिस ने आरोपी पति विपिन भाटी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी ससुरालवालों की तलाश जारी है। घटना के बाद रूपवास गांव के परिजन सैकड़ों ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए घेराव किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और भीड़ को शांत कराया।
समाज में उबाल
इस घटना ने सोशल मीडिया और इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग इसे दहेज प्रथा और महिला उत्पीड़न का वीभत्स उदाहरण बता रहे हैं और कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
