एक साल में 10 बार प्रेमी संग भाग चुकी विवाहिता, पंचायत में बोली- “मुझे दोनों चाहिए”, पति बोला- “माफ करो, प्रेमी संग ही रहो”
रामपुर/लखनऊ : यूपी के रामपुर जिले से एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां थाना अजीमनगर और टांडा क्षेत्र से जुड़े दो गांवों की पंचायत में एक विवाहिता ने ऐसा प्रस्ताव रखा, जिसने सभी के होश उड़ा दिए। अजीमनगर की रहने वाली महिला की शादी डेढ़ साल पहले पड़ोसी गांव के युवक से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद उसका टांडा क्षेत्र निवासी एक युवक से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया।
एक साल में प्रेमी के साथ 10 बार भागी
विवाहिता पिछले एक साल में प्रेमी संग 10 बार भाग चुकी है। हर बार पंचायत के माध्यम से या पुलिस की मदद से महिला को पति के पास वापस लाया गया, लेकिन वह दोबारा प्रेमी के पास चली जाती। बताया जाता है कि पति ने हाल ही में पत्नी को वापस लाने के लिए अजीमनगर थाने में गुहार लगाई। पत्नी को बरामद कर पति को सौंप दिया गया, लेकिन अगले ही दिन वह फिर प्रेमी के पास चली गई।
गांव में तनाव बढ़ने पर बैठी पंचायत
यह मामला बढ़ा, तो गांव में पंचायत बैठी। पंचायत में विवाहिता ने कहा “मैं महीने में 15 दिन पति के साथ और 15 दिन प्रेमी के साथ रहूंगी।”यह सुनकर पति और पंचायत के लोग दंग रह गए। पति ने हाथ जोड़कर कहा-“मुझे माफ करो, तुम प्रेमी के साथ ही रहो।”इसके बाद पति अपने घर लौट गया और पंचायत के लोग भी चुपचाप चले गए। इस मामले में अजीमनगर पुलिस ने मीडिया से कहा कि उन्हें पंचायत के इस प्रस्ताव की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
