पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, मासूम बच्ची समेत पांच की गई जान, घायलों में से एक बरेली रेफर
पीलीभीत/बरेली : यूपी के पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर हरिद्वार नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे टेंपो से टकरा गई। हादसे में टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दादी- पोती समेत पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मौके पर ही पांच की मौत
टेंपो बिसेन गांव के पास पीलीभीत की ओर जा रहा था। इसमें करीब दस यात्री सवार थे। अमरिया की तरफ से आ रही कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पलट गया। कार चालक हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को जहानाबाद CHC में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने मासूम बच्ची सहित पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। इसमें एक को बरेली रेफर किया गया।
डीएम ने जाना हाल
डीएम ज्ञानेंद्र सिंह भी अस्पताल पहुंचे, और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने और घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। हादसे में राजदा (45 वर्ष), निवासी नगर पंचायत नौगवां पकड़िया, हमजा (2 वर्ष), पुत्री सुल्तान (राजदा की नातिन), जानिसार निवासी पश्चिम बंगाल, विजय (30 वर्ष), निवासी खमड़िया दलेलगंज (टेंपो चालक), और फरीदा (पता स्पष्ट नहीं) है। मुस्कान (मृतक मासूम की मां), फरजंद अली, सहरीना, फैजुल समेत अन्य एक घायल को गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया गया है।
हादसे का कारण और परिस्थिति
कार और टेंपो की टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो पलट गया।शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और टेंपो से टकरा गया। पुलिस अब हादसे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में लगी है कि टक्कर किन कारणों से हुई।
