कार और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में कुलपति हरेराम त्रिपाठी और पत्नी की मौके पर मौत, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल
मऊ/लखनऊ : यूपी के मऊ जिले में शनिवार को NH-29 (वाराणसी -गोरखपुर हाईवे) पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत यूनिवर्सिटी, रामटेक (नागपुर) के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी और उनकी पत्नी बादामी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कुलपति की इनोवा कार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुलपति और पत्नी के शव को कार के अंदर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। कार में उनके ड्राइवर वैभव मिश्रा (बिहार, गोपालगंज निवासी) भी सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हुए और जिला अस्पताल रेफर किए गए।
मृतक कुलपति दंपति जा रहे थे देवरिया
कुलपति कार से बनारस से बड़हलगंज होते हुए देवरिया जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, कार चालक को नींद आने के कारण कुलपति हरेराम त्रिपाठी खुद कार चला रहे थे। हादसे के बाद फोरलेन पर लंबी गाड़ियों की कतारें लग गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को फोरलेन से हटाने के लिए हाइड्रा और जेसीबी बुलाया।
ट्रेलर ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार
पुलिस अब हादसे की जांच कर रही है कि टक्कर किन कारणों से हुई। हरेराम त्रिपाठी, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और वर्तमान में कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत यूनिवर्सिटी, रामटेक के कुलपति थे। मृतक कुलपति और पत्नी देवरिया के चकिया क्षेत्र के निवासी थे।
