सपा प्रमुख ने देहरादून में छात्र की मौत पर जताया दुख, नफ़रती सोच को बताया देश के लिए ख़तरा
सांसद नरेश उत्तम पटेल बोले – बीजेपी में पर्ची निकालकर बनते हैं अध्यक्ष, सपा नेता गढ़ने की फैक्ट्री
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आने के बाद से हर विभाग और हर योजना में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है और सरकार भ्रष्टाचार के मामले में नंबर एक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों, सड़कों,जल जीवन मिशन समेत तमाम योजनाओं में भारी घोटाले सामने आ रहे हैं। कई जिलों में पानी की टंकियां भ्रष्टाचार का बोझ नहीं सह पाईं और धराशायी हो गईं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन भाजपा सरकार में ‘लूट मिशन’ बनकर रह गया है, जहां गुणवत्ता और पारदर्शिता पूरी तरह गायब है।
माफियाराज का आरोप, अवैध धंधों को संरक्षण
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश भर में अवैध कारोबार और नशे का जाल फैला हुआ है। भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में भूमाफिया, ड्रग माफिया, खनन माफिया और लकड़ी माफिया को जन्म दिया है, जिन्हें सत्ता का खुला संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता से भ्रष्टाचार रोकने के वादे किए थे, लेकिन आज सरकार खुद भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
40 दिन में उखड़ी सड़क, कमीशनखोरी का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कन्नौज के छिबरामऊ का उदाहरण देते हुए कहा कि चार दिन में ही 20 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क उखड़ गई, जो भाजपा सरकार की कार्यशैली और भ्रष्टाचार का जीता- जागता सबूत है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में सड़कें नहीं, बल्कि कमीशनखोरी की सड़कें बिछाई जाती हैं।
तहसील-थाने बने भ्रष्टाचार के अड्डे
पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश की तहसीलें और थाने भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं। आम जनता भ्रष्टाचार से बुरी तरह परेशान और त्रस्त है,लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज बनकर भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
त्रिपुरा के छात्र की हत्या नफ़रत फैलाने वाली घृणित मानसिकता
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने त्रिपुरा के एक छात्र की देहरादून में हुई हत्या को नफ़रत फैलाने वाली घृणित मानसिकता का नतीजा बताया। बोले -विघटनकारी सोच लगातार हिंसा को जन्म दे रही है और ऐसे तत्व सरकारी संरक्षण में विषबेल की तरह फल -फूल रहे हैं, जो देश की एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा हैं। शांतिप्रिय और सौहार्दपूर्ण सोच रखने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे एकजुट होकर समाज में ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान करें और उनका बहिष्कार करें, ताकि भविष्य में किसी और को हिंसा का शिकार न होना पड़े। मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेकर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
भाजपा में पर्ची से बनते हैं अध्यक्ष, सपा विचारधारा से गढ़ती है नेता : नरेश उत्तम पटेल

सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में अध्यक्ष और पदाधिकारी पर्ची से तय होते हैं, जबकि समाजवादी पार्टी जमीन से नेता तैयार करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि सपा संगठनात्मक लोकतंत्र और विचारधारा पर विश्वास करती है। उन्होंने बताया कि वह आठ वर्ष तक सपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे और 2017 में 25 हजार डेलीगेट्स ने उन्हें चुना। उन्होंने भाजपा पर पिछड़ों के आरक्षण में लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती और लेखपाल भर्ती में पिछड़े वर्ग के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को एनएफएस के नाम पर नौकरियों से वंचित कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव राष्ट्रीय कद के नेता हैं और इंडिया गठबंधन की यूपी में 43 सीटों की जीत से एनडीए घबराया हुआ है।
