मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार शाम नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के वसुंधरा रेजिडेंसी में एक दो मंजिला मकान में हुए सिलिंडर ब्लास्ट ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ। पहले मकान में आग लगी और कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। लोगों का कहना है कि लगातार दो सिलिंडर फटने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। धमाका इतना जोरदार था कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
इस हादसे में कानूनगो अमित गौड़, उनकी मां सुशीला और उनके छोटे भाई नितिन की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अमित गौड़ मूल रूप से शामली जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में देवबंद तहसील में कानूनगो के पद पर तैनात थे। परिवार वसुंधरा रेजिडेंसी में किराए पर रह रहा था।
हादसे में रिचा, अक्षिका, आराध्या और नोनी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः घर में अंगीठी से आग लगी, जिसने पास रखे गैस सिलिंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद सिलिंडर ब्लास्ट हुआ और पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो तीन शव बरामद हुए, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में गैस सिलिंडर ब्लास्ट को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग सहमे हुए नजर आ रहे हैं।
