जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती पर लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में समाजवादियों ने दी श्रद्धांजलि
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती मंगलवार को राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम लखनऊ के गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित हुआ। यहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट स्थित दूसरी प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए।
डॉ. लोहिया, छोटे लोहिया और नेताजी की विचारधारा से बचेगा देश : अखिलेश

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि”जनेश्वर मिश्र जी ने जीवन भर समाजवादी आंदोलन को मजबूत किया। डॉ. लोहिया, छोटे लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जो रास्ता दिखाया, वही देश को बचा सकता है। समाजवादी सिद्धांतों से हर वर्ग को सम्मान मिलेगा। आज हम उनके विचारों को आत्मसात कर जनता की सेवा का संकल्प लेते हैं।”
सीएम योगी सरकार पर किया सियासी हमला

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सवाल उठाया “भाजपा सरकार बताए कि 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना है?। जब इसका जवाब मिल जाए, तब तिरंगा यात्रा निकालें।” उन्होंने कहा, “समाजवादी सरकार ने जनेश्वर मिश्र पार्क में देश का सबसे ऊंचा तिरंगा लगाया था, लेकिन भाजपा सरकार ने वहां की परेड तक बंद करवा दी।”
यह सपा नेता थे मौजूद

इस कार्यक्रम में मीना तिवारी, विश्वभूषण, चंद्रशेखर तिवारी, तारकेश्वर मिश्र (परिवारजन) के साथ समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें राजेन्द्र चौधरी (राष्ट्रीय सचिव), सांसद सनातन पाण्डेय, पूर्व नेता विपक्ष रामगोविन्द चौधरी,प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, विधायक रविदास मेहरोत्रा, राजकुमार मिश्रा, उदयवीर सिंह, सुनिल सिंह साजन आदि समेत सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने जनेश्वर मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।
