बरेली : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को बरेली दौरे पर रहेंगे। वह चार घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान जिले की विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे, और बरेली कॉलेज मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जाता है सीएम योगी सुबह 10 बजे बरेली पहुंचेंगे, और दोपहर 2 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सबसे पहले सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों संग विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री भी रहेंगे मौजूद
बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर मंगलवार रात को ही बरेली पहुंच चुके हैं और उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी बुधवार सुबह सीएम के साथ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
1600 से अधिक पुलिस कर्मी संभलेंगे सुरक्षा
सीएम योगी की सुरक्षा में 1600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसमें 9 ASP, 22 CO, 50 इंस्पेक्टर, 200 सब इंस्पेक्टर, 1150 सिपाही/हेड कांस्टेबल, 150 महिला सिपाही तैनात होंगे। 4 कंपनी PAC और सादे कपड़ों में खुफिया टीमें भी एक्टिव रहेंगी। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। यातायात के लिए 5 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 56 उपनिरीक्षक, 95 ट्रैफिक कांस्टेबल, मुख्यमंत्री रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
