शाहजहांपुर / लखनऊ : यूपी के शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के दुर्गा इंक्लेव मोहल्ले में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। हैंडलूम कारोबारी सचिन ग्रोवर (35 वर्ष) ने पत्नी शिवांगी (32 वर्ष) और चार साल के बेटे फतेह ग्रोवर के साथ आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, कारोबारी ने पहले अपने मासूम बेटे को जहर दिया, और फिर पत्नी के साथ फांसी के फंदे से लटक गया। पुलिस के मुताबिक, मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव को मौत का कारण बताया गया है। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच चल रही है। क्राइम सीन को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हादसे के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
