SSP ANURAG ARYA
सीबीगंज में दबंगों ने एक ही जमीन का दो-दो बार फर्जी बैनामा कर धोखाधड़ी से कब्जे की कोशिश की
बरेली : जमीन कब्जाने के लिए दबंगों द्वारा किए गए फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सहसिया हुसैनपुर निवासी सुधीर कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी मां बिमला देवी ने वर्ष 2008 में ग्राम सराय तल्फी में करीब दो बीघा जमीन खरीदी थी और वैध कब्जा भी उनके पास था,लेकिन दबंगों ने इस जमीन पर कब्जा करने के लिए धोखाधड़ी का खेल खेला।
2021 में कराया था फर्जीवाड़ा
वर्ष 2021 में, देवीराम पुत्र गंगाराम ने उसी जमीन का हिस्सा धर्मेंद्र सिंह यादव (निवासी मढ़ीनाथ) के नाम फर्जी बैनामा करा दिया। इसके कुछ ही समय बाद सुरजा देवी पत्नी बुद्धसेन ने भी उसी जमीन को अपने बेटों हरस्वरूप, हरकुँवर, कृष्णपाल, लालता प्रसाद, प्रेमपाल, महेंद्र पाल और धर्मेंद्र के नाम पंजीकृत करा दिया।
फर्जी कागजों से कराया बैनामा
पीड़ित का आरोप है कि इन फर्जी कागजातों के आधार पर आरोपी पक्ष ने जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की, और विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस पूरे खेल में धूम सिंह (निवासी मढ़ीनाथ) और कृष्णा राठौर (निवासी कुंवरपुर) सहित कई लोग फर्जी गवाह के तौर पर शामिल रहे।
एसएसपी से की शिकायत
पीड़ित की शिकायत पर मामला एसएसपी अनुराग आर्य के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और जबरन कब्जे के आरोप में 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
