लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की आर्थिक और विदेश नीति पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “प्रतिशोधात्मक टैरिफ” की वजह से उत्तर प्रदेश का निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, और लाखों परिवारों की आजीविका खतरे में पड़ गई है। अखिलेश यादव ने निर्यातकों को संबोधित पत्र में कहा, एक्सपोर्ट्स का पेमेंट साइकल बिगड़ गया है, निर्यातक और उनसे जुड़े वेंडर्स संकट में हैं। सरकार को ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) के तहत आने वाले सभी उत्पादों और अन्य उद्योगों को विशेष राहत देनी चाहिए।
लाखों निर्यातकों का कारोबार ठप

उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो लाखों निर्यातकों का कारोबार ठप हो जाएगा और करोड़ों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा भारतीय उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाने के बाद अकेले यूपी में 500 उद्योग बंदी के कगार पर हैं। अरबों-खरबों के उत्पाद जहाजों में फंसे पड़े हैं। ये भाजपा की नाकाम विदेश नीति का नतीजा है।
निर्यातकों से एकजुटता की अपील

पूर्व सीएम बनारसी साड़ी, कार्पेट, पीतल, ताला-हार्डवेयर, चमड़ा, इत्र, स्पोर्ट्स, फूड प्रोसेस्ड प्रॉडक्ट्स, होम फर्निशिंग, चिकनकारी, बांस, सिरेमिक, फर्नीचर, इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स सहित कई उद्योगों का जिक्र किया और कहा कि ये सभी “टैरिफ इमर्जेंसी” से प्रभावित हैं। अखिलेश ने निर्यातकों से एकजुट होकर अपनी मांगें उठाने की अपील की और कहा कि कमी कोष की नहीं, सोच की है। भाजपा सत्ता से जाएगी, तभी खुशहाली आएगी।
