बरेली : बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को विकास भवन स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी की अध्यक्षता में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कार्मिकों को मतगणना प्रक्रिया, निर्धारित नियमों और उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना की गोपनीयता किसी भी स्थिति में भंग नहीं होनी चाहिए। सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
पहचान पत्र के साथ समय पर पहुंचें कार्मिक
सीडीओ ने सभी मतगणना कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे मतगणना स्थल पर अपना पहचान पत्र (आईडी) अनिवार्य रूप से साथ लेकर जाएं और निर्धारित समय पर उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी प्रत्येक प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करना जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान बताए गए निर्देशों और प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझ लें, ताकि मतगणना के समय किसी तरह की परेशानी न हो।
मतदान की तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष हो मतगणना
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद बरेली में बरेली -मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है। अब मतगणना भी इसी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराई जानी चाहिए।उन्होंने कार्मिकों को चेताया कि निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
पोलिंग एजेंटों के सवालों का नियमानुसार दें जवाब
मतगणना स्थल पर पोलिंग एजेंटों की ओर से पूछे जाने वाले प्रश्नों का जवाब शांतिपूर्वक और निर्धारित नियमों के अनुसार देने के निर्देश भी दिए गए। सीडीओ ने कहा कि सभी कार्मिक निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखें और किसी भी परिस्थिति में संयम न खोएं। मतगणना से जुड़ी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा करना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
ड्यूटी से बचने के प्रयास न करें कर्मचारी
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्मिकों को यह भी निर्देश दिया कि कोई भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी कटवाने के प्रयास में इधर -उधर न घूमे। सभी कर्मचारी सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निर्वहन करें, जिससे मतगणना की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी कराई जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित मतगणना कार्य में लगाए गए समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।
