नववर्ष के तीसरे दिन भी सपा मुख्यालय में दिखी जोश की स्पिरिट, सपा प्रमुख से मिले सैकड़ों कार्यकर्ता
पूर्व सीएम बोले – भ्रष्टाचार और नफरत की राजनीति को हराना है
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में नववर्ष के तीसरे दिन भी उत्साह और राजनीतिक सक्रियता चरम पर रही। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें नए साल की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और बुके भेंट कर पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास और एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में खुशहाली, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की कामना की।
भ्रष्टाचार से त्रस्त प्रदेश, भाजपा सरकार हर वर्ग को ठग रही

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से प्रदेश का हर वर्ग त्रस्त है। हर विभाग में लूट मची है। यूरिया खाद से लेकर धान खरीद तक कालाबाजारी और मुनाफाखोरी हो रही है।”उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा, दुग्ध उत्पादकों को दूध का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा और बिचौलिए सरकार के संरक्षण में मुनाफा कमा रहे हैं। कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को भाजपा सरकार ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
2026 में मेहनत, 2027 में सत्ता- अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं को साफ संदेश
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से आह्वान किया कि वे आपस में मिलजुलकर काम करें, जनता के बीच रहें और भाजपा सरकार की नाकामियों को गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा,“2026 में मेहनत होगी, तभी 2027 में सफलता मिलेगी। भाजपा नफरत की राजनीति करती है, हमें इसे हराना है।”उन्होंने चेताया कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार और अन्य हथकंडों का सहारा लेगी, इसलिए सतर्क रहकर राजनीति करने की जरूरत है।
अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान-सपा सरकार बनी तो महिलाओं को मिलेंगे 40 हजार रुपये सालाना
समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में हर वर्ग का सम्मान होगा। किसानों और गांवों को खुशहाल बनाने के फैसले होंगे। नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा।महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी अन्याय और अत्याचार पर सख्ती से रोक लगेगी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह,विधायक फरीद किदवई, अनिल वर्मा, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. पाण्डेय, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी, हाजी इरफान अंसारी, व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, राम आसरे विश्वकर्मा, रामबृक्ष सिंह यादव, राजबाला रावत, अमरजीत यादव समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा ने सादगी से मनाई सावित्रीबाई फुले जयंती, अखिलेश यादव ने किया नमन, कहा- महिला शिक्षा की मशाल थीं सावित्रीबाई

सपा प्रदेश कार्यालय समेत यूपी के सभी जिलों में देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने भारत में महिला शिक्षा की ज्योति जलाकर महिला सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने साहस और संघर्ष के साथ रूढ़िवादियों का सामना करते हुए लड़कियों के लिए पहला स्कूल खोला और स्वयं पढ़ाया। अखिलेश यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन शिक्षा, समानता और महिला अधिकारों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अखिलेश यादव ने किया समाजवादी PDA पंचांग-2026 का विमोचन, महापुरुषों और ऐतिहासिक दिवसों को मिला स्थान

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने समाजवादी पीडीए पंचांग- 2026 का विमोचन किया। इस पंचांग का प्रकाशन समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय चौरसिया द्वारा किया गया है। समाजवादी पीडीए पंचांग- 2026 में पीडीए समाज के महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि के साथ-साथ राष्ट्रीय और ऐतिहासिक दिवसों का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा इसमें दैनिक उपयोग से जुड़े आवश्यक कॉलम भी शामिल हैं। विमोचन कार्यक्रम में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
