बरेली : यूपी की बरेली देहात की फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से बरेली समेत पूरे उत्तर प्रदेश में शोक का माहौल है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं बरेली पहुंचे और शक्तिनगर कॉलोनी स्थित दिवंगत विधायक के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 10 बजकर 43 मिनट पर विधायक के आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटे और बेटियों से बातचीत कर सरकार की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में इतिहास के प्रोफेसर थे।
सीएम योगी बोले-अपूरणीय क्षति

सीएम योगी ने कहा कि प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे फरीदपुर क्षेत्र और भारतीय जनता पार्टी संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक सरल, सौम्य और जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि थे। करीब 15 मिनट तक आवास पर रुकने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां से रवाना हो गए।
कैसे हुआ विधायक का निधन?
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को प्रो. डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में आयोजित पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के बाद भोजन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी गई, लेकिन लगभग एक घंटे बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, निधन का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताया गया है। हैरानी की बात यह रही कि एक दिन पहले ही विधायक ने अपना जन्मदिन मनाया था, केक काटा था और लोगों से मुलाकात की थी। महज 20 घंटे बाद उनके निधन की खबर ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़
विधायक के आकस्मिक निधन से फरीदपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। आमजन से लेकर पार्टी कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंच रहे हैं।
आज होगा अंतिम संस्कार
दिवंगत विधायक प्रो. डॉ. श्याम बिहारी लाल का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर किया जाएगा। अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल होंगे।
देश-प्रदेश के नेताओं ने जताया शोक
विधायक के निधन पर देश और प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, यूपी सरकार के कई मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायकों ने उनके निधन को राजनीति और समाज के लिए बड़ी क्षति बताया है। नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्वयं पहुंचकर श्रद्धांजलि देना, दिवंगत विधायक के योगदान और सम्मान को दर्शाता है।
जनसेवा के लिए याद किए जाएंगे
प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल को लोग एक सरल, मिलनसार और जनहित को प्राथमिकता देने वाले नेता के रूप में याद कर रहे हैं। उनके निधन से क्षेत्र में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा।
