बरेली:फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के हार्ट अटैक से निधन के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिवंगत विधायक को अंतिम श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी वजह से शहर में कई घंटों तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।
सुबह साढ़े 10 बजे बरेली पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह लखनऊ से रवाना होकर करीब साढ़े 10 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह सीधे पीलीभीत बाईपास रोड स्थित शक्ति नगर में विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आवास जाएंगे। वहां श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री करीब 11 बजकर 25 मिनट पर लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
सुबह 6 बजे से बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
मुख्यमंत्री के दौरे और विशिष्ट लोगों के आवागमन को देखते हुए 3 जनवरी को सुबह 6 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों की शहर में एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी और रोडवेज बसों को तय रूट से ही चलने की अनुमति होगी।
इन रास्तों से नहीं मिलेगी शहर में एंट्री
परसाखेड़ा रोड नंबर-01, विलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झाड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ की तरफ से कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
बदायूं जाने वाले वाहन इस रास्ते से जाएं
दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन और रोडवेज बसें, जिन्हें बदायूं जाना है, वे झुमका तिराहे से बड़े बाईपास के रास्ते विलवा, विलयधाम, नवदिया झाड़ा, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी होते हुए भेजी जाएंगी।
नैनीताल, पीलीभीत और लखनऊ रूट की व्यवस्था
नैनीताल और पीलीभीत रोड से आने वाले भारी वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। वहीं लखनऊ जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास से झुमका, विलवा, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी होकर जाएंगे।
रोडवेज बसों के लिए निर्देश
बदायूं और लखनऊ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें इन्वर्टिस तिराहे से सैटेलाइट बस स्टैंड तक ही संचालित होंगी।
