अंकिता हत्याकांड पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बड़ा सवाल, बोले-CBI जांच से क्यों डर रही भाजपा सरकार?
-आरक्षण पर डाका डाल रही भाजपा, पीडीए समाज को दोयम दर्जे का नागरिक मानती है सरकार
– न नौकरी, न न्याय! 69 हजार शिक्षक भर्ती घोटाले पर भाजपा सरकार पर हमला
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और संविधानिक अधिकारों को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में ‘बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ’ महज एक नारा बनकर रह गया है, जबकि हकीकत में महिलाओं और बेटियों का सबसे ज्यादा अपमान और उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित वनतारा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना पूरे देश की आत्मा को झकझोरने वाली है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सभी राजनीतिक दल और जनसंगठन सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, तो भाजपा सरकार इस मामले में लीपापोती क्यों कर रही है। साफ है कि “दाल में कुछ काला जरूर है”।
अंकिता हत्याकांड में भाजपा सरकार संदेह के घेरे में
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी 18 सितंबर 2022 को लापता हुई थी और 24 सितंबर को उसका शव चीला नहर से बरामद हुआ।इसके बावजूद भाजपा सरकार न तो निष्पक्ष जांच कराना चाहती है और न ही पीड़ित परिवार से किए गए वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नर्सिंग कॉलेज का नाम अंकिता के नाम पर रखने और उसके भाई को सरकारी नौकरी देने जैसे वादे आज तक अधूरे हैं। भाजपा सरकार में महिलाओं को न्याय मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
भाजपा पर आरक्षण हड़पने और पीडीए विरोधी होने का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को घोटालेबाज़ और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण को भी सरेआम मारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ओबीसी, दलित, अल्पसंख्यक और महिलाएं, भाजपा की नजर में दोयम दर्जे के नागरिक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर आरक्षण की हकमारी करती है और पकड़े जाने पर दिखावे के लिए सुधार का नाटक करती है। यह वर्चस्ववादी सोच कभी हिंसा, कभी शोषण और कभी आरक्षण छीनने के रूप में सामने आती है।
न नौकरी, न न्याय-भाजपा का असली एजेंडा उजागर
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार के एजेंडे में नौकरी है ही नहीं, खासकर पीडीए समाज के लिए तो बिल्कुल नहीं। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती घोटाले का हवाला देते हुए कहा कि सरकार जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट में सरकारी वकील तक नहीं भेजती, ताकि मामले को टालकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा सके।
2027 में भाजपा सत्ता से बाहर होना तय
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दावा किया कि पीडीए समाज भाजपा की साजिशों को समझ चुका है, और वर्ष 2027 में एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हटेगी तभी संविधान और आरक्षण बचेगा। समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवारों और शोषित वर्गों के संघर्ष में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
पीएम रैली का बचा खाना बना काल, सैकड़ों भेड़ों की मौत, सपा ने उठाया मुआवजे का मुद्दा
राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान 25 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में आए लोगों के लिए मंगाए गए भोजन का बचा हुआ हिस्सा खुले में फेंक दिया गया। इसी फेंके गए भोजन को खाने से फतेहपुर के भेड़ पालकों की भेड़ें गंभीर रूप से बीमार हो गईं और 29 दिसंबर की सुबह बड़ी संख्या में उनकी मौत हो गई। मृतकों में फतेहपुर निवासी प्रदीप पाल, विजय पाल और राम रतन पाल की भेड़ें शामिल हैं। इसके अलावा बीकेटी घैला निवासी श्रवण कुमार यादव की एक गाय की भी खराब भोजन खाने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल के निर्देश पर सपा लखनऊ जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत ने पीड़ित भेड़ पालक प्रदीप पाल से संपर्क किया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने दबाव बनाकर रात में मृत भेड़ों को गड्ढे में दबा दिया और बीमार भेड़ों को फतेहपुर भेज दिया, जबकि मुआवजा केवल कुछ भेड़ों का ही दिया गया है।
पीड़ितों से मिले सपाई
सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सभी मृत पशुओं और गाय की मौत पर पूर्ण मुआवजा देने तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मैनपुरी में मतदान केंद्र बदलने पर सपा का विरोध
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र-107 के कई मतदान केंद्रों का स्थान परिवर्तन निरस्त करने की मांग की है। सपा ने मांग की है कि वर्ष 2024-25 में निर्धारित बूथ संख्या 112, 113, 114 और 115, जो शाह महमूद इस्लामिया जूनियर हाईस्कूल, आगरा रोड मैनपुरी में लंबे समय से संचालित हो रहे हैं, उन्हें यथावत रखा जाए। पार्टी का आरोप है कि दिसंबर 2025 में बिना किसी ठोस कारण के इन बूथों को हटाकर गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे मतदाताओं को परेशानी होगी।
सीईओ को दिया ज्ञापन
समाजवादी पार्टी का कहना है कि संबंधित बूथों से जुड़े मुहल्ला दरीबा क्षेत्र के अधिकांश मतदाता मुस्लिम समुदाय से हैं और मतदान केंद्र को लगभग दो किलोमीटर दूर स्थानांतरित कर उन्हें मतदान से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने इसे भाजपा नेताओं के दबाव में लिया गया पक्षपातपूर्ण फैसला बताया है।
