चमोली : देर रात चमोली जिले में टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना के भीतर बड़ा हादसा हो गया। परियोजना की सुरंग के अंदर काम कर रही दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में करीब 60 लोग घायल हो गए हैं।
घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर 444 मेगावाट की विष्णुगाड–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके तहत करीब 13 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई जा रही है, जिसमें उस समय 100 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर काम कर रहे थे। टनल बोरिंग मशीन के जरिए खुदाई का काम चल रहा था और मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए लोको ट्रेनों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इसी दौरान सुरंग के भीतर मजदूरों को ले जा रही दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद सुरंग के अंदर चल रहा निर्माण कार्य तुरंत रोक दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में करीब 60 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 42 घायलों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है, जबकि 17 घायल मजदूरों को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
