यूपी भाजपा अध्यक्ष के बयान पर एसपी चीफ का हमला, ‘दो इंजन के बीच में आने से बचें’
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। इस बार अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के बयान को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तंज कसते हुए सियासी माहौल गरमा दिया है। अखिलेश यादव ने लिखा- “पत्रकार महोदय जब उप्र के भाजपा अध्यक्ष जी से पूछ रहे हैं कि आगे क्या चुनौती है, तो वो कह रहे हैं ‘कोई चुनौती नहीं है… जिनको अपने दल से सौ चुनौतियाँ मिल रहीं हैं, वो कम ही बोलें तो अच्छा होगा।
दो इंजन के बीच में आने से बचें…”भाजपा के ‘नो चैलेंज’ बयान पर पलटवार
दरअसल, हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान यूपी भाजपा अध्यक्ष ने यह कहा था कि पार्टी के सामने फिलहाल कोई बड़ी चुनौती नहीं है। इसी बयान को लेकर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि जिस दल के भीतर ही कई तरह की चुनौतियां मौजूद हों, उसके नेताओं को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए। अखिलेश का यह तंज सीधे तौर पर भाजपा की आंतरिक खींचतान, संगठनात्मक दबाव और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं की ओर इशारा करता है।
‘दो इंजन’ पर भी साधा निशाना
उन्होंने ‘दो इंजन सरकार’ के नारे पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि“दो इंजन के बीच में आने से बचें”,जिसे राजनीतिक गलियारों में भाजपा के केंद्र और राज्य नेतृत्व के बीच तालमेल पर तंज के रूप में देखा जा रहा है।
सियासी हलकों में तेज हुई चर्चा
अखिलेश यादव के तंज के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष इसे भाजपा की अंदरूनी स्थिति पर करारा प्रहार बता रहा है, तो वहीं भाजपा समर्थक इसे राजनीतिक कटाक्ष कहकर खारिज कर रहे हैं। अखिलेश यादव लगातार महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर हैं।
