मृतक विमल का फाइल फोटो
तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी दो जिंदगियां, एक युवती गंभीर, CCTV खंगाल रही पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव भूड़ा बहादुरपुर के पास नारायण नगला मंडी के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीन लोग मौसेरे भाई की बेटी के जन्मदिन के लिए गिफ्ट लेने बहेड़ी जा रहे थे।
मौके पर ही दो युवकों की मौत
हादसे में शिवम भारती निवासी गरीबपुरा बहादुरपुर और विमल निवासी मनकापुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार युवती युक्ति गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाए
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों का पंचनामा भरकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। मृतकों की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद अस्पताल और गांव में मातम पसर गया।
फरार ट्रक की तलाश में पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
क्या करता था शिवम?

जिला पंचायत सदस्य संतोष भारती ने बताया कि मृतक शिवम बचपन से उनके साथ रहकर खेती-किसानी करता था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। शिवम परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रहा था।
मजदूरी कर परिवार चलाता था विमल
वहीं मृतक विमल के पिता ने बताया कि उनका बेटा ईंट भट्टे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। विमल की मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति और भी दयनीय हो गई है।
