बदायूं : उझानी थाना क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां गांव कुड़ा नरसिंहपुर स्थित एक मेंथा फैक्टरी के केबिन में तीन सुरक्षाकर्मी मृत अवस्था में पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और फैक्टरी परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान जोगेंद्र यादव (30 वर्ष) पुत्र रामबहादुर निवासी बसावनपुर मुजरिया थाना, भानु यादव (26 वर्ष) पुत्र श्रीपाल निवासी मुड़सैना थाना दातागंज और विवेक यादव के रूप में हुई है। तीनों फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात थे। मंगलवार सुबह जब फैक्टरी के कर्मचारी केबिन पहुंचे तो तीनों के शव जमीन पर पड़े हुए मिले।
सूचना मिलते ही उझानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मृतकों के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। जोगेंद्र यादव के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्राथमिक जांच में किसी भी तरह के चोट के निशान न होने की बात कह रही है।
पुलिस के अनुसार केबिन के अंदर हीटर लगा हुआ था, जिससे दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि बंद केबिन में गैस या हीटर से निकली गर्म हवा के कारण तीनों की मौत हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि यही मेंथा फैक्टरी कुछ महीने पहले भीषण आग की चपेट में आ चुकी है और वर्तमान में यह फैक्टरी बैंक ऑफ बड़ौदा में बंधक बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
