सपा प्रमुख ने कहा -प्रदेश में महिला अपराध में उत्तर प्रदेश नम्बर वन, 1090 सेवा को भाजपा सरकार ने किया खराब
-रामपुर और बस्ती की घटनाएं सिर्फ उदाहरण, अपराध और नशे पर सरकार मूकदर्शक
-अखिलेश यादव का दावा: 2027 में जनता हटाएगी भाजपा सरकार और प्रदेश को अपराध-मुक्त बनाएगी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर भाजपा सरकार को कठोर हमला किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा महिला अपराध की घटनाएं हो रही हैं, और प्रदेश के किसी भी हिस्से में पूरब हो या पश्चिम, उत्तर हो या दक्षिण महिलाओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि पुलिस बेलगाम है, भ्रष्टाचार चरम पर है और अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं। उनका कहना था कि पुलिस और प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में काम करते हैं। जिसकी वजह से जनता को न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का गृह नगर गोरखपुर हो या अन्य जिले, अपराध नहीं रुक रहे।
महिला सुरक्षा और 1090 सेवा पर हमला
पूर्व सीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि रामपुर में कार में छात्रा से छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास, बस्ती में छेड़छाड़ जैसी घटनाएं प्रदेश में आम हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिला अपराध पर नियंत्रण नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार में महिला सुरक्षा के लिए शुरू की गई 1090 सेवा अब भाजपा सरकार के कार्यकाल में काम नहीं कर रही, जिससे महिलाओं और बेटियों को मदद मिलना मुश्किल हो गया है।
अवैध कारोबार और नशा नियंत्रण विफल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर तरह का अपराध और अवैध कारोबार बढ़ रहा है, नशे का कारोबार आम हो गया है और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है। उनका कहना था कि भाजपा सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ के जुमले में मदमस्त होकर कहीं गुम हो गई है, और पुलिस -प्रशासन मूकदर्शक बनकर अपराधों को देख रहे हैं।
2027 में भाजपा का जाना तय
सपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के लिए सुरक्षित नहीं है, और जनता 2027 में इस सरकार को हटाकर प्रदेश को अपराध और नशे से मुक्त करेगी।
