मेरठ/लखनऊ : यूपी के मेरठ जिले में सरूरपुर थाना क्षेत्र के भूनी टोल प्लाजा पर रविवार देर रात सेना के एक जवान के साथ बर्बर मारपीट की वारदात सामने आई। छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे राजपूत बटालियन के जवान कपिल को टोल कर्मचारियों ने विवाद के बाद बेरहमी से पीटा। इस घटना में जवान और उसका चचेरा भाई शिवम घायल हो गए। जवान कपिल श्रीनगर में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तैनात था, और कांवड़ यात्रा पर छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। वह अपने भाई शिवम के साथ कार से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा था ताकि अगली सुबह ड्यूटी पर पहुंच सके, जैसे ही कार भूनी टोल पर पहुंची, कपिल ने अपना आर्मी आईडी कार्ड और छुट्टी पत्र दिखाया। उसने बताया कि उसका गांव गोटका टोल-फ्री गांवों की सूची में आता है, लेकिन टोल कर्मचारियों ने न सिर्फ उसका कार्ड व मोबाइल छीन लिया, बल्कि विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों को पीटा। इस दौरान कपिल के कपड़े भी फाड़ दिए गए।
CCTV में घटना कैद
पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों में गुस्सा
हमले की खबर मिलते ही ग्रामीण भड़क उठे और हंगामा किया। ग्रामीणों ने एक आरोपी टोलकर्मी अंकित को पकड़कर पीटा। इसके बाद में मेरठ रेफर कर दिया गया।
जानें पुलिस की कार्रवाई
एसपी (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है। पुलिस ने जवान के पिता कृष्णपाल की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
